एटा। खेत से फसल में पानी लगाकर बाइक से घर लौटते समय किसान नीलगाय से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। घटना निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मणपुर की है।
गांव लक्ष्मणपुर निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि चचेरे भाई अजीत (32) शनिवार सुबह खेत में गेहूं की फसल में पानी लगाने गए थे। कुछ देर बाद खाना खाने के लिए घर लौट रहे थे। उसी समय रास्ते में गांव के पास ही नीलगाय से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल अजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निधौली कलां पहुंचाया। यहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। सर्वेश कुमार ने बताया कि दो भाइयों में अजीत बड़े था। जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।