अस्पताल का मुआयना करते प्रभारी मंत्री
- फोटो : amar ujala
जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने शनिवार को गेहूं क्रय केंद्र और जिला अस्पताल की जांच की। बिचौलिओं से गेहूं खरीद पर जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए। वहीं जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट गैरहाजिर थे। मंत्री ने अस्पताल की अव्यवस्था नाराजगी जताते हुए इसे दुरुस्त कराने का अल्टीमेटम दिया।
प्रभारी मंत्री ने शनिवार को सुबह सबसे पहले अस्पताल का ही निरीक्षण किया था। सीएमओ को पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को ठीक कराने, दवाएं और इलाज समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अपराह्न में प्रभारी मंत्री ने मंडी परिषद स्थित पांच क्रय केंद्रों के हाल देखे। पीसीएफ और कर्मचारी कल्याण निगम के क्रय केंद्र पर बिचौलियों से गेहूं खरीद की शिकायतें मिलने पर डीएम और कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडी परिषद में छह किसानों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के चेक भी बांटे।
ठप पड़े विकास कार्य होंगे पूरे
कासगंज। प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसमस्याएं भी सुनीं। अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। पत्रकारों से वार्ता करते हुए ठप पड़े विकास कार्य को जल्द पूरा कराने की बात कही। दावा किया कि संसाधनों की कमी को दूर कराया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जनपद में चिकित्सकों की कमी को दूर कराने का प्रयास भी प्राथमिकता से होगा।