एटा। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर के मंद पड़ने के साथ ही हालात भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कोविड अस्पताल एलटू बागवाला में 62 व एलवन में 69 बेड खाली हो गए हैं। जबकि रेमडेसिविर इंजेक्शन भी जिले में उपलब्ध है।
दूसरी लहर में जिले में भी हाहाकार की स्थिति बन गई थी। बागवाला कोविड एलटू अस्पताल में बेड का टोटा पड़ गया था। मरीज भर्ती करने के लिए सिफारिशों का दौर चल रहा था। वहीं रेफर होने वाले मरीजों के लिए आगरा, अलीगढ़ व सैफई के अस्पतालों में बेड मिलना मुश्किल हो गया था। इसके अलावा समय पर रेमडेसिविर इंजेक्शन भी नहीं मिल पा रहे थे। हाल के दिनों में संक्रमण की रफ्तार में कमी आई है। जिसके बाद अब एलटू अस्पताल में 62 बेड खाली हो गए हैं।