एटा। जिले के पर्यटक स्थल पटना पक्षी विहार का सौंदर्यीकरण कराने के लिए प्रदेश सरकार ने कमर कसी है। स्थल को बेहतर बनाने के लिए आचार संहिता से पहले ही रकम जारी की गई थी, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। अब झील के मनोहारी दृश्य को देखने आने वाले पयर्टकों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसको विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पयर्टक स्थल घोषित किया गया है। अब तक विकास के लिए तरस रहा पक्षी विहार पर कोई खास कार्य नहीं हो सका है। लेकिन अब धीरे-धीरे सरकार सौंदर्यीकरण करने जा रही है। इसके लिए चुनाव से पहले ही 60 लाख रुपये का बजट भेजा गया था। इससे पटना पक्षी विहार में मौजूद शिव मंदिर की बाउंड्री, पयर्टकों को बैठने के लिए बेंच, हॉल बनाने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही टूट फूट की मरम्मत भी शामिल है। इससे सौंदर्यीकरण तो होगा है, पयर्टकों का मन मोहने के लिए पेंटिंग भी कराया जाना प्रस्तावित है। ऐसा होने से पयर्टक को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। जिला पर्यटक अधिकारी हेमंत शर्मा ने बताया कि आचार संहिता से पहले ही बजट मिल गया है। लेकिन चुनावी प्रक्रियाओं के चलते काम शुरू नहीं कराया जा सका। अब सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा ताकि पयर्टन को बढ़ावा मिल सके।