एटा। शहर के मोहल्ला अरुणानगर में अज्ञात लोगों ने एक गोदाम को निशाना बनाकर लाखों रुपये के बैटरी, इन्वर्टर और सोलर पैनल चोरी कर लिए। इस घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी ने कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर के अरुणानगर निवासी पीयूष भार्गव ने प्राथमिकी में लिखा है कि बीआईसीटी कंप्यूटर के नाम से बैटरी, इन्वर्टर और सोलर पैनल का कारोबार करते हैं। उनका गोदाम स्टेट बैंक वाली गली में स्थित है। तीन दिसंबर की शाम गोदाम में ताला लगाकर घर चले गए। पांच दिसंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे जब गोदाम पहुंचे तो पीछे का ताला टूटा मिला। वहां रखी लगभग 15 बैटरी-इन्वर्टर और 12 सोलर पैनल गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसके बाद भी चोरी करने वालों का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित ने बताया कि यह उनके गोदाम पर चोरी की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 21 अक्तूबर को भी अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया था, जिसकी सूचना इंद्रपुरी चौकी पर दी गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि प्रथामिकी दर्ज कर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।