कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन पर वोट देने के लिए कतार में खड़े अधिवक्ता। संवाद
एटा। कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके में संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही अधिवक्ताओं ने कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे मतदान खत्म होने तक कुल 1136 पंजीकृत मतदाताओं में से 1054 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया के दौरान बार परिसर में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
निर्वाचन अधिकारी अवधेश शाक्य की देखरेख में सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में मतदान अपेक्षाकृत धीमा रहा। दोपहर बाद अधिवक्ताओं की भीड़ बढ़ गई। मतदान केंद्र पर मतदाताओं के सीओपी कार्ड की विधिवत जांच की गई व एल्डर कमेटी के सदस्यों की पैनी नजर प्रत्येक मतदाता पर रही। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होते ही मतपेटियों को सील कर सुरक्षित कक्ष में रख दिया गया। इसके बाद निर्वाचन कार्य में लगी टीम करीब डेढ़ घंटे के लिए अल्पाहार करने चली गई। वापस लौटने के बाद देर शाम साढ़े छह बजे मतगणना प्रक्रिया शुरू की गई जो देर रात तक जारी रही। कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के महासचिव रोहित पुंढीर ने बताया कि मतगणना समय पर शुरू कर दी गई है और परिणाम देर रात दो से तीन बजे तक आने की संभावना है। एल्डर कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र कुमार वर्मा सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की निगरानी में मतगणना निरंतर संचालित की जा रही है। पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।