कचहरी रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर धन निकासी के लिए लगी लोगों की कतार। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। विस चुनाव के मतदान को लेकर शनिवार से बंद हुए राष्ट्रीयकृत बैंक सोमवार को भी नहीं खुले। लगातार तीन दिन के अवकाश के चलते लेनदेन के लिए तमाम लोग परेशान नजर आए। एटीएम भी खाली हो गए जिसके चलते लोग धन निकासी को लेकर भटकते रहे। इस बीच निजी क्षेत्र के बैंकों के एटीएम सहारा बने।
विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार से बैंकों का तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया, लेकिन दूसरे दिन ही लोगों को नकदी की किल्लत होने लगी। शहर के सभी राष्ट्रीयकृत बैंक के एटीएम में नकदी समाप्त हो गई। जिसकी वजह से लोगों को रविवार और सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं निजी क्षेत्रों के बैंकों के दो एटीएम में कैश डाला गया तो लोगों को रुख इनकी ओर हो गया। कचहरी रोड स्थित आईसीआईसीआई और आईडीबीआई बैंक के एटीएम पर नकदी निकालने के लिए लोगों की लंबी कतार लगी रही। शाम तक दोनाें एटीएम पूरी तरह से खाली हो गए। जिससे लोगों को नकदी के लिए फिर भटकना पड़ा।