एटा। शहर के मोहल्ला पटियाली गेट निवासी एक ऑटो चालक मंगलवार को घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचा। बुधवार की सुबह देहात कोतवाली के गांव रारपट्टी के पास घायल अवस्था में बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने उसको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
पटियाली गेट निवासी श्यामा देवी ने बताया कि बेटा जुगेंद्र मंगलवार को घर से निकल गया था। इसके पिता रामवीर की तबीयत खराब चल रही है, जिसके चलते उन्होंने इसको कहीं ढूंढ़ा नहीं। जब जुगेंद्र रात को भी घर पर नहीं पहुंचा तो चिंता हुई। बुधवार सुबह पुलिस का फोन आया कि आपका बेटा घायल अवस्था में मिला है। जिसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। यहां आकर देखा तो बेटे के काफी चोट लगी हुई थीं। उसके पास से 2 हजार रुपये और दो मोबाइल गायब हैं।
उन्होंने कहा कि आशंका है कि उसको पीटा गया है और नकदी व मोबाइल किसी ने लूट लिए हैं। अज्ञात आरोपी उसको घायल कर छोड़ गए हैं। कोतवाली नगर प्रभारी राजेश चौहान ने बताया कि किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। उसका ऑटो घर पर खड़ा हुआ है और उसके शरीर पर कहीं चोट के निशान भी नहीं दिख रहे थे। तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।