एटा। विकास खंड कार्यालय जलेसर में मंगलवार को धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी पर देर रात हमला कर दिया गया। इससे उनके चोट आई हैं। जानकारी पर भाकियू के नेता और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल किसान नेता को कोतवाली प्रभारी ने चिकित्सीय परीक्षण कराकर आवास पर भेज दिया है। तहरीर के बाद भी समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
भारतीय किसान यूनियन ने छह मार्च को तहसील मुख्यालय पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान आश्वासन मिलने के बावजूद ग्राम लोचा नाहरपुर में तैनात सचिव को नहीं हटाने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार ओमकार सिंह यादव गत दिवस प्रात: काल खंड विकास कार्यालय पर आमरण अनशन पर बैठ गए थे। दिन में कार्यकर्ताओं की भीड़ धरना स्थल पर रही। वहीं शाम होते ही अन्य सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घर चले गए और ओमकार सिंह यादव अकेले रह गए। ओमकार ने बताया कि देर रात वह गहरी नींद में थे इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा उनके सिर में अज्ञात वस्तु से प्रहार कर दिया गया। इससे वह लहूलुहान हो गए। वहीं उनके कपड़े भी फट गए। इस दौरान वह हमलावरों को नहीं देख पाए।
ओमकार ने अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी प्रदेश उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर को दी तो वह अन्य किसान नेताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल प्रकरण से कोतवाली प्रभारी केपी सिंह को अवगत कराया। मामला गंभीर देख कोतवाली प्रभारी केपी सिंह तत्काल फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल किसान नेता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सीय परीक्षण कराया और अपने वाहन से उन्हें उनके आवास गांव नगला पृथ्वी पहुंचाया। घटना के संबंध में ओमकार सिंह यादव ने बुधवार की सुबह कोतवाली जलेसर में तहरीर दी है।
किसान नेता विक्की ठाकुर ने बताया कि घायल किसान नेता की प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं कोतवाली प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है, जांच की जा रही है, उसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।