एटा। दिवाली के मौके पर पांच दिन का सरकारी अवकाश होने की वजह से शहर में लगे एटीएम जवाब दे गए। दो दिन के अंदर ही ये खाली हो गए। इसकी वजह से नकदी पर निर्भर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
दिवाली से पहले मंगलवार को धनतेरस के मौके पर शहर के सभी बैंकों के एटीएम में नकदी डाली गई थी। उसके बाद बृहस्पतिवार से शनिवार तक अवकाश रहा। जबकि रविवार को भाई दूज के साथ ही सार्वजनिक अवकाश भी था। इसकी वजह से बैंक नहीं खुलीं और एटीएम में नकदी भी नहीं डाली जा सकी। रविवार को सबसे ज्यादा लोगों को नकदी निकासी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। सभी एटीएम पूरी तरह से खाली पड़े हुए थे।
शहर के कचहरी रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, ऑरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंकों के एटीएम शुक्रवार तक पूरी तरह से खाली हो चुके थे। लोग नकदी के लिए इधर-उधर चक्कर काटते नजर आए। वहीं कुछ एटीएम के तो शटर ही नहीं खुले थे।
एटीएम में कहीं पर भी कैश नहीं मिला। दिल्ली जाने के लिए किराए तक के रुपये नहीं हैं। बहुत दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। -विपिन यादव
दिवाली व भाई दूज के त्योहार को लेकर शहर के सभी एटीएम खाली हो गए हैं। बैंक अधिकारियों को इसका इंतजाम करना चाहिए। - अमित कुमार