एटा। आगरा से एटा आने वाली पैसेंजर ट्रेन में रविवार रात तीन युवकों ने खूब उत्पात मचाया। शराब के नशे में तीनों महिला यात्रियों से भी अभद्रता की सीमा लांघते रहे। जीआरपी ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। ट्रेन में अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कैलाश गंज निवासी अमर रविवार शाम को आगरा से एटा की ओर से ट्रेन से आ रहे थे। उसके साथ मांं, बहन और भाभी भी थीं। जलेसर रेलवे स्टेशन से तीन युवक ट्रेन में सवार हो गए। तीनों युवक नशे की हालत में थे। वे एक दूसरे से गाली गलौज से बात कर रहे थे। इस पर अमर ने गाली गलौज करने से मना किया। इसके बाद तीनों ने अमर की पिटाई कर दी। अन्य लोग बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी हाथापाई की गई।
बीच बचाव के लिए आई मां के साथ भी तीनों ने अभद्रता की। इस घटना का वीडियो ट्रेन में सवार में अन्य यात्रियों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई। एटा स्टेशन पर ट्रेन आते ही जीआरपी ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। तीनों की पहचान मुकेश कुमार, भीष्मपाल सिंह और पुष्पेंद्र निवासी काजीपुर बदनपुर थाना सकरौली के रूप में हुई। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।