एटा। हैदराबाद में पशु चिकित्सक की सामूहिक दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या पर जिले में उबाल है। मोमबत्तियां जलाकर लोग दिवंगत की आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए जिले में लोग मौन जुलूस निकाले जा रहे हैं। शिकोहाबाद रोड स्थित गाइडेंस कॅरियर प्वाइंट पर आयोजित बैठक में महिलाओं ने घटना को घृणित बताकर दोषियों को अविलंब सजा देने की मांग की।
ऐसी घटना समाज व मानवता के लिए कलंक है। इसके लिए सजाए मौत से कम की सजा नहीं होनी चाहिए।
-संध्या
समाज की आधी आबादी में दहशत है। बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। दोषियों को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जाए।
---सोनल यादव
ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकारों को कड़े कदम उठाने चाहिए। दोषियों को ऐसी सजा मिले आगे ऐसा दु:स्साहस न करें।
-मोहिनी
त्वरित कानूनी कार्रवाई के लिए सुपर फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाना चाहिए। ताकि दोषियों को सजा मिल सके।
-प्रेमलता यादव
आरोपियों को चौराहों पर लगाई जाए फांसी: रामौतार मिश्र
एटा। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने भी घटना को नृशंस बताते हुए आरोपियों को सार्वजनिक रूप से फांसी देने की मांग की। इसके लिए संविधान में संशोधन की भी वकालत की। विहिप के प्रांत सह समरसता प्रमुख रामौतार मिश्र ने कहा कि आतंकवादियों, देशद्रोहियों एवं बलात्कारियों को फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए।
विभागाध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि कानून का खौफ लोगों में होना चाहिए। घिनौने कृत्य की सख्त सजा मिलनी चाहिए, जिससे कोई ऐसा दु:साहस न कर सके। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। देवेंद्र कुमार लोधी, प्रशांत चौहान, प्रवीन कुमार, संजय कुमार, आशीष कुमार, जितेंद्र कुमार, अवनीश कुमार आदि मौजूद रहे।
अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम में बोलती छात्रा मोहिनी- संवाद- फोटो : ETAH