एटा। थाना मिरहची के गांव दौलतपुर में शुक्रवार की देर रात एक दुकानदार ने पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है।
गांव दौलतपुर निवासी कृष्णा ने बताया कि बाबा सुरेश सिंह (50) घर पर ही परचून की दुकान चलाते हैं। लगभग एक सप्ताह पहले दादी मायके चली गईं। कई बार फोन कॉल के माध्यम से बात करते हुए बुलाने का प्रयास किया तो उन्होंने जून में आने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार देर रात जब सब लोग सो गए, बाबा ने अपने सीधे कंधे में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन उठे और एंबुलेंस के माध्यम से बाबा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि इस प्रकार की कोई घटना संज्ञान में नहीं है और न ही थाने पर सूचना दी गई है। कोई जानकारी मिलती हो तो घटना की जांच की जाएगी।