एटा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को शहीद पार्क में एजुकेटर भर्ती का विरोध कर काला दिवस मनाया। जिले भर से आईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नियमित करने की भी मांग को दोहराया। सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध में प्रदर्शन किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) एजुकेटर की नियुक्ति के फैसले अनुचित है। इस तरह की नियुक्ति से उनकी नौकरियों पर संकट खड़ा हो जाएगा। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी बचाओ, बच्चों का भविष्य बचाओ अभियान के तहत प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को शहीद पार्क पर सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाएं एकत्रित हुई हैं और विरोध जताया है।
एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष सरोजनी व सचिव मंजू यादव ने कहा कि एजुकेटर की नियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाती है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सीमित हो जाएगी। वर्षों से बच्चों के पोषण और शिक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं, लेकिन उन्हें सरकारी सुविधाएं नहीं मिलतीं। वे सरकार से वेतन, फंड और पेंशन जैसी सुविधाओं की मांग कर रही हैं। ब्लॉक अध्यक्ष अलीगंज अंजू यादव, शिखा, पूनम, राजकुमारी, मीरा, सरिता, प्रियंका, साधना मौजूद रहीं। संवादं