एटा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने सोमवार को शहर में पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एएसडीएम वेदप्रिय आर्य को सौंपा। अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ईसीसीई) के तहत भर्ती का विरोध किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन उप्र के बैनर तले यह कार्यक्रम हुआ। अध्यक्ष सरोजनी चौहान और सचिव मंजू यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता योजना शुरू होने के साथ ही कार्य कर रही है। अच्छा अनुभव है और 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। इसके बाद भी सरकार ईसीसीई की बड़े स्तर पर नियुक्ति कर रही है, जो कार्यकर्ताओं के कार्याें और सेवाओं में अतिक्रमण जैसा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में असंतोष है और अपनी सेवाओं पर खतरा महसूस कर रही हैं। इसके अलावा यह भी कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समय से मानदेय नहीं दिया जा रहा है, इसको बढ़ाकर 10 हजार किया जाए। खाली पदों पर भर्ती हो और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन दी जाए। अनीता देवी, सरिता यादव, प्रियंका, आरती, सुनीता, संगीता यादव, नीलम सोलंकी, राखी, निशा यादव, कंचनलता आदि रहीं।