एटा। एमजीएचएम इंटर कालेज मारहरा की छात्रा आभा सिंह इंटरमीडिएट में जिला टॉपर रही हैं। छात्रा के टॉपर आने पर अमर उजाला की टीम ने शनिवार को घर पहुंचकर सम्मानित किया। केक कटवाकर खुशी को और बढ़ाने का अवसर दिया।आभा का कहना था कि इस उपलब्धि का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को जाता है। उनकी वजह से आज जिला टॉपर तक पहुुंचने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। वहीं पिता राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बेटी का सपना प्रशासनिक अधिकारी बनने का है। हम लोग उसको पढ़ाने और सपना पूरा होने में अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। मां विचित्रा देवी ने बताया कि बेटी शुरू से ही पढ़ने में तेज रही है। उसकी पढ़ाई को देखते हुए आगे बढ़ने के लिए हम सभी प्रेरित करते रहे। आज जिला टॉपर बनकर उसने अपने विद्यालय के साथ ही हम लोगों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
शालिनी के परिजन बोले थैंक्यू अमर उजाला
एटा। एमजीएचएम इंटर कालेज मारहरा की ही हाईस्कूल की छात्रा शालिनी राजपूत भी जिला टॉपर रही है। अमर उजाला टीम कस्बा स्थित उसके घर पर पहुंची। जब बेटी को सम्मानित किया और केक कटवाकर उत्साहवर्धन किया तो पूरे परिवार की खुशी और बढ़ गई। सभी ने अमर उजाला को थैंक्यू बोला।
शालिनी का कहना है कि उसने लगन और मेहनत से पढ़ाई की। गुरुजन और परिजन का विशेष सहयोग रहा। इनके आशीर्वाद व प्रेरणा से जिला टॉपर बनने का मौका मिला है। पिता योगेंद्र कुमार व मां सीमा रानी का कहना है कि बेटी शुरू से ही चिकित्सक बनने की इच्छा जाहिर कर चुकी है। उसके सपनों को पंख लगाने के लिए प्रयासरत हैं। उसका जिले में टॉपर बनना हमारे लिए बहुत ही अधिक प्रसन्नता की बात है। टॉपर बनकर उसने साबित कर दिया है कि चिकित्सक बनने के अपने सपने को वह साकार करने के लिए तैयार है। कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान से उनका हौसला बढ़ता है। अमर उजाला की यह पहल प्रशंसनीय है।