एटा। नगला गजपति गांव में एक बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मां ने पड़ोस के दो भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच विवाद के दौरान हुई बातचीत से उन्हें आशंका हुई कि बड़े भाई ने उनके बेटे को कोल्डड्रिंक में कोई विषाक्त पदार्थ मिलाकर पिलाया था।
गांव नगला गजपति निवासी श्रीमती देवी का आरोप है कि करीब दो दिन पहले दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था जिसमें उनकी सास ने बीच-बचाव किया था। बाद में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ तो छोटे भाई ने बताया कि बड़े ने उससे कोल्डड्रिंक मंगाई थी और प्रियांशु को घर बुलाकर उसमें विषाक्त पदार्थ मिलाकर पिलाया था। आरोप है कि उसने इसके असर के एक-दो दिन में दिखाई देने की बात भी कही थी।
मां का आरोप है कि पांच अक्तूबर को प्रियांशु की तबीयत बिगड़ने पर उसे अलीगंज के निजी अस्पताल में दिखाया। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के कलावती अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां सात अक्तूबर की रात करीब नौ बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। श्रीमती देवी ने बताया कि चिकित्सकों ने बच्चे में जहर के लक्षण होने की बात कही थी। आठ अक्तूबर की सुबह शव गांव लाकर तालाब के पास दफना दिया गया।
परिजन की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है। बालक के परिजन ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। किसी प्रकार की आशंका थी तो परिजन पुलिस को सूचना देते और शव का पोस्टमार्टम कराते। फिर भी पुलिस गंभीरता के साथ जांच कर रही है। - राजेश सिंह, सीओ अलीगंज