एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलीगढ़ का एक युवक शनिवार रात बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे एटा मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां से आगरा रेफर किया गया। ले जाते समय उसकी मौत हो गई। युवक के पिता ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। अलीगढ़ जनपद के थाना पाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव सलारपुर निवासी बलवीर सिंह शनिवार रात अलीगंज कोतवाली पुलिस को कैल्ठा के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
वहां से आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर पोस्टमार्टम ग्रह पर आ गए। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बलवीर के पिता रामवीर ने बताया कि उसके पुत्र का प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते उसको जहर देकर मार दिया गया। मौत की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया है। अलीगंज कोतवाली प्रभारी सीपी सिंह ने बताया युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करने के लिए भेजा गया था युवक की मौत हो गई। अभी परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।