एटा। मिशन किसान कल्याण के तहत जिले के समस्त आठ ब्लॉकों पर रविवार को कृषि मेला व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सभी पर करीब 2 हजार से अधिक कृषकों ने प्रतिभाग किया। साथ ही इन किसानों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। वहीं ब्लॉक शीतलपुर में कोरोना की गाइडलाइन तक का पालन नहीं किया गया।
मिशन किसान कल्याण के तहत जिले के ब्लॉक शीतलपुर में सीडीओ अजय प्रकाश और डीडीओ एसएन कुशवाहा ने प्रतिभाग किया। सीडीओ ने बताया कि इस दौरान कार्यालय के प्रांगण में 12 से अधिक विभाग कृषि, उद्यान, मत्स्य, सहकारिता, लघु सिंचाई, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण, प्रोवेशन, चिकित्सा, एनआरएलएम, मंडी परिषद द्वारा अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रगति एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल लगाए गए। इनका सीडीओ ने भ्रमण किया। इस दौरान मत्स्य विभाग द्वारा करीब 11 मछुआरों को साइकिल के साथ आईस कंटेनर का भी वितरण किया गया।
खाने में दिया एक्सपायरी डेट का अचार
कृषि मेले में दो हजार से अधिक कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कृषकों को खाने के पैकेट दिए गए। पैकेट में रखा अचार एक्सपायरी डेट का रखा गया। जब एक दो पैकेट के अलावा अन्य पैकेट के अचार के पाउच पर पड़ी पैकिंग डेट को देखा गया तो सभी पर एक्सपायरी डेट पड़ी हुई थी।