एटा/अवागढ़/जलेसर/सकीट। शनिवार की शाम को तेज आंधी के साथ हुई बारिश व गिरे ओलों से किसानों की लहलहाती फसलें खेतों में बिछ गईं। सर्वाधिक नुकसान गेहूं, सरसों, आलू और तंबाकू की फसल हो हुआ है।
शनिवार शाम से आंधी जैसी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और गिरे ओलों ने किसानों की नींद उड़ा दी है। उनकी फसलों में भारी नुकसान हुआ है। रविवार को सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो फसल बिछी नजर आई।
गेहूं की फसल के अलावा आलू की फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि इस साल पहले से ही खेतों में छोटे आकार का आलू निकल रहा है, अब बारिश व ओलों की वजह से एक सप्ताह के लिए आलू की खोदाई भी लेट हो गई है। कई किसानों की सरसों की फसल भी बरबाद हो गई है।
------
किसानों का दुख : बरबाद हो गई फसल
गेहूं की फसल पूरी तरह से बिछ गई है, हम बरबाद हो गए हैं। अब क्या खाएंगे और क्या बेचेंगे।
- सुभाष जादौन, नगला बखती, अवागढ़
600 बीघा जमीन पर लगे आलू की फसल एक सप्ताह के लिए लेट हो गई है। आलू की क्वालिटी में भी भारी गिरावट आएगी।
- हीरेश यादव, नयाबांस, अवागढ़
पहले तो घूम रहे गोवंश ने ही गेहूं की फसल चौपट कर दी, ऊपर से कुदरत की मार से बची-कुची फसल भी बरबाद हो गई है, क्या करें।
- बबलू यादव, नारहरा
बारिश व ओले की वजह से 30 बीघा फसल पूरी तरह से बरबाद हो गई है। 70 बीघा गेहूं की फसल पर बिछ गई है।
- सुशील कुमार, आनंद गड़ी, जलेसर
सोमवार को मिलेगी हुए नुकसान की रिपोर्ट
शनिवार की शाम को हुई बारिश, ओले व तेज हवाओं के चलते किसानों को नुकसान हुआ है। क्षेत्रों में टीम को जांच के लिए भेजा गया है। सोमवार को रिपोर्ट मिल जाएगी।
- एमपी सिंह, उपकृषि निदेशक
तीन-चार दिन लेट होगी आलू की खोदाई
आलू की खोदाई का समय चल रहा है। ज्यादातर आलू की खोदाई हो चुकी है। बारिश होने की वजह से खेत की मिट्टी गीली हो गई है। किसान आलू की खोदाई के लिए तीन-चार दिन लेट हो जाएगा।
- नलिन सुंदरम भट्ट, डीएचओ