एटा। आगरा रोड के गड्ढे जानलेवा होते जा रहे हैं। अब तक विभाग की ओर से गड्ढा मुक्ति के लिए प्रयास नहीं किए गए हैं। गड्ढों की वजह से आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। प्रदेश सरकार काफी समय पहले ही सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के आदेश जारी कर चुकी है। आगरा रोड पर जिले की सीमा में क्षतिग्रस्त व गड्ढा युक्त 19 किमी सड़क चिह्नित की गई थी। इसको गड्ढा मुक्त बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई थी। कुछ ही दूरी पर कार्य करने के बाद कार्यदायी संस्था की ओर से काम में रुचि नहीं दिखाई और काम अटका पड़ा है। इसकी वजह से मार्ग से निकलने वाले लोगों को काफी समस्याओं को झेलना पड़ रहा है। दुपहिया वाहन चालक अंधेरा होते ही सामने से वाहनों की रोशनी आने पर गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। कई हादसे मार्ग पर गड्ढों की वजह ही हो चुके हैं।
गांव मोहनपुर निवासी दर्शनपाल सिंह और बंटू सिंह का कहना है कि मार्ग पर आए दिन गड्ढों की वजह से हादसे होते हैं। लेकिन सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया है।कुछ जगहों पर ही कार्य करने के बाद ठेकेदार ने काम नहीं कराया है। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सीडी-1 आदेश कुमार वर्मा ने बताया कि चुनाव की वजह से कार्य में बाधा आई है। चिह्नित क्षेत्र को जल्द गड्ढा मुक्त कराए जाने पर जोर दिया जाएगा।