अफसरों की हिदायत के बाद भी बाजारों में अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
नगर के फुटपाथ और बाजारों के मुख्य रास्तों अतिक्रमण के कारण राहगीरों का निकलना दूभर हो चला है। अतिक्रमण का आलम यह है कि घंटाघर और बाबूगंज, सुभाष मार्ग में आग लगने की घटना होने पर अग्निशमन वाहन तक नहीं पहुंच सकते। बुधवार को डीएम और एसएसपी ने पैदल भ्रमण कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सराफा व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टि से दुकानाें पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम अजय कुमार यादव और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एडिशनल एसपी विसर्जन सिंह यादव ने बुधवार शाम नगर के बाजारों को पैदल भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान बाजाराें में अतिक्रमण के हालात देख अधिकारी दंग रहे गए। एसडीएम सदर सुनील प्रकाश वर्मा ने बताया कि बाजारों में अतिक्रमण ऐसा है कि आग लगने पर अग्निशमन वाहन भी नहीं पहुंच पाएंगे। हालात देख डीएम अजय कुमार यादव ने एसएसपी और सीओ सदर को बाजार से अतिक्रमण हटवाने और फुटपाथ खाली कराने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम का कहना है कि जल्द ही अभियान चलाकर बाजारों के मैन रास्तों और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। इसके अलावा डीएम ने पैदल भ्रमण के दौरान सराफा व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टि से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा है।