एटा। नगर पालिका एटा में गोलमाल के सुर तेजी से उभर रहे हैं। सभासदों ने ही कच्चा चिट्ठा खोल परतें उधेड़ना शुरू कर दिया है। दस ऐसे कार्यों की सूची डीएम अंकित अग्रवाल को सौंपी है, जिनके टेंडर किए गए हैं। जबकि कार्य पहले ही हो चुके हैं। सभासदों ने कार्यों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किए हैं।
पालिका की बोर्ड बैठक के साथ ही घमासान की स्थिति बन गई है। सभासदों का एक गुट पूरी तरह पालिका प्रशासन के विरोध में उतर आया है। इस गुट में 14 सभासद शामिल हैं। पहले इन्होंने पालिका बोर्ड के एजेंडा में शामिल कुछ प्रस्तावों पर आपत्ति जताई थी। इसे लेकर सभासदों ने बृहस्पतिवार को डीएम से मुलाकात की। शिकायती पत्र के साथ उन्हें विभिन्न कार्यों की एक सूची उपलब्ध कराई। जिसमें दस टेंडर का जिक्र किया है। आरोप लगाया है कि यह सभी कार्य पहले हो चुके हैं।
सूची में ये कार्य हैं शामिल
- वार्ड 3- गांधी स्मारक के सामने गोविंद नगर में दोनों ओर नाली निर्माण (ढाई लाख रुपये)
- वार्ड 15- जीटी रोड पर एटा क्लब के सामने नाला एवं साइड पटरी इंटरलॉकिंग (3.18 लाख रुपये)
- वार्ड 5- लोधीपुरम में मिट्टी भराव एवं नाली निर्माण (करीब दो लाख रुपये)
- वार्ड 7- उपकार नगर में मिट्टी भराव एवं नाली निर्माण (73 हजार रुपये)
- वार्ड 8- बालाजी मंदिर के पास हनुमान मंदिर वाली गली में मिट्टी भराव व इंटरलॉकिंग (5.71 लाख रुपये)
- वार्ड 10- आनंदपुरी की गली में नाली एवं इंटरलॉकिंग निर्माण (5.72 लाख रुपये)
- वार्ड 14- वार्ष्णेय अहाता में पुलिया निर्माण (43 हजार रुपये)
- वार्ड 14- अनुपम कांप्लैक्स के पीछे खाली जगह में इंटरलॉकिंग व सीढ़ियां निर्माण (करीब चार लाख रुपये)
- वार्ड 23- बैरुनगंज में नाली एवं इंटरलॉकिंग कार्य (2.57 लाख रुपये)
- वार्ड 17- आशीष कांप्लैक्स नाली एवं इंटरलॉकिंग कार्य (9.95 लाख रुपये)