एटा। शुक्रवार को औचक निरीक्षण को पहुंचे मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक इंद्रपाल सिंह सोलंकी ने पूर्व आदेश का अनुपालन न करने पर बीईओ मारहरा सहित दो जिला समन्वयकों से आदेश अनुपालन करने पर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं अनुपस्थित कर्मियों का वेतन काटते हुए चेतावनी जारी की है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण में सोलंकी ने पूर्व आदेश के बाद भी गंदी रजाइयों एवं गंदे चादरों को बदलवाने पर डीसी बालिका पर नाराजगी जताई। कुछ बच्चों द्वारा भेाजन फेंकने पर वार्डन को मांग के अनुसार ही भोजन परोसने को कहा। दिव्यांग बच्चों के कैंप में पंजीकृत 60 बच्चों में मात्र 47 ही उपस्थित मिले। डीसी समेकित शिक्षा को अविलंब बच्चों की रजाइयां बदलवाने, गंदे शौचालयों को साफ व चाक चौबंद कराने के निर्देश दिए।
पूर्व में दी गई चेतावनी के बाद भी ब्लाक संसाधन केंद्र मारहरा में मिली अव्यवस्था अस्त व्यस्त कुर्सियां, सामान एवं गंदे शौचालय एवं पुताई न होने पर खंड शिक्षाधिकारी को लताड़ते हुए बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा। अनुपस्थित मिले दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नेाटिस के निर्देश दिए। सुविधाओं से असंतृप्त स्कूलों की सूचना न देने पर डीसी निर्माण से भी स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण के बाद बीएसए कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में शैक्षिक व्यवस्थाएं सुधारने के लिए स्कूलों के निरीक्षण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एमडीएम न बनने पर प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण लिया जाए। बैठक में बीएसए, बीईओ, डीसी एवं एआरपी मौजूद रहे।