जलेसर(एटा)। कस्बे में निराश्रित गोवंशों पर लगातार तेजाब डालने की घटनाएं हो रही हैं। बुधवार को एक गाय पर तेजाब डाल दिया गया। आक्रोशित विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने नाला चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन, हंगामा और नारेबाजी की। बाद में अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
नाला चौराहे पर बुरी तरह झुलसी हुई एक गाय आई, जिसे देखकर सभी का मन द्रवित हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। घटना का विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि यह कोई पहली घटना नहीं है। अब तक 12 गोवंशों पर तेजाब डाला जा चुका है। इससे पहले घटना होने पर कार्रवाई की मांग करते हुए तहसील में ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रशासन और नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस बल के साथ पहुंचे कोतवाली प्रभारी सुधीर राघव और उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नीरज शुक्ला ने लोगों को समझाया। कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ता माने और जाम खोलते हुए प्रदर्शन समाप्त किया।
उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने तेजाब से झुलसे गोवंश का इलाज किया। जलेसर नगर पालिकाध्यक्ष के पति संजीव वर्मा ने भी पहुंचकर घटना पर नाराजगी जताई। विहिप, बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई के लिए कोतवाली प्रभारी को तहरीर दी।
उन्होंने कहा कि जल्द दोषियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई अथवा ऐसी अमानवीय घटना की पुनरावृत्ति हुई तो बजरंग दल बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। जिला संयोजक आकाश गुप्ता, नगर संयोजक कुशल गोयल, नगर गोरक्षा प्रमुख प्रांशु कुशवाह, लक्की मल्होत्रा, लवकुश, रोहित आदि मौजूद रहे।
वर्जन
घटना निंदनीय है पुलिस को निर्देशित किया गया है कि गोवंश पर तेजाब डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बीडीओ जलेसर को निर्देशित कर पशु चिकित्सक के माध्यम से गोवंश का उपचार कराया गया है। - भावना विमल, एसडीएम