एटा। रुपये मांगने पर महिला को जातिसूचक शब्दों के साथ गालियां दी गईं। इसकी रिपोर्ट महिला के पति ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।
मोहल्ला बापूनगर निवासी मोहित कुमार निमेष ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि जीटी रोड पर स्थित ओमश्री हॉस्पिटल का संचालन करता है। 22 अगस्त को इस पर पत्नी खुशबू बैठी थी। उसी समय डांडा गंगनपुर निवासी कुलदीप यादव वहां आकर गाली-गलौज करने लगा। कुलदीप पर उसके कुछ रुपये हैं जो वह देना नहीं चाहता है। जब खुशबू ने रुपये मांगे तो कुलदीप ने उसके बाल पकड़कर खींचते हुए जातिसूचक शब्द कहे और पीटने लगा।
पत्नी 2 माह की गर्भवती है। उसके पेट में लात मारकर घायल कर दिया। लोगों के आने पर कुलदीप जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। कुछ देर बाद जब वह कार से पत्नी व बच्चों को लेकर जा रहा था तो डाक बंगलिया के सामने गाड़ी रुकवाकर कुलदीप ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।