एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार की देर रात एक घायल व्यक्ति को भर्ती कराया गया। उसने आरोप लगाया कि रोडवेज बस से एटा स्टैंड पर उतरने के दौरान परिचालक ने धक्का दे दिया। इसकी वजह से गिरकर घायल हो गया।
विज्ञापन
मैनपुरी शहर के शिवनगर कॉलोनी निवासी पंकज ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि सोमवार रात लगभग 10 बजे वह अलीगढ़ से एटा लौट रहा था। बस रोडवेज स्टैंड पर आकर रुकी तो उतरने का प्रयास किया। आरोप है कि तभी परिचालक ने पीछे से धक्का दे दिया। इसकी वजह से संतुलन खो गया और नीचे गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया।
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां उपचार चल रहा है। एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। अगर किसी परिचालक की ओर से इस प्रकार की हरकत की गई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए पहली प्राथमिकता है। संवाद