एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव नगला मितन में विवाहिता की हत्या कर शव जलाने का आरोप है। मृतका के पिता ने पांच ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज कराया है। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव खटौटा निवासी मुंशीलाल ने अपने दामाद सोनू निवासी नगला मितन सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रविवार की रात बेटी प्रीती की हत्या कर शव को श्मसान ले जाकर जला दिया। सोमवार को सूचना मिलने पर गांव नगला मितन पहुंचे तो आसपास के लोगों से पूरी जानकारी मिली। मुंशीलाल ने बेटी के पति सोनू, ससुर रामप्रकाश, सास रामबेटी, ननद शिवानी और देवर ओमकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। महिला के दो बच्चे भी हैं और सामान्य मौत होने पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। बाद में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बात बिगड़ गई और तहरीर दी गई। हालांकि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उधर, थाना रिजोर में रेखा देवी निवासी डांडा गंगनपुर ने अपने पति ज्ञानचंद्र सहित आठ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर प्रताड़ित करने, गाली-गलौज और धमकी देने का मुकदमा लिखाया है।