एटा। शहर के रोडवेज स्टैंड पर सोमवार शाम रोडवेज बस चालक और कार सवारों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। बस चालक ने चार लोगों पर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया, जबकि कार सवार ने पुलिस चौकी में अपने भतीजे की पिटाई करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।
मामला सोमवार शाम करीब चार बजे का है। अलीगढ़ से एटा आ रही यूपी रोडवेज की अनुबंधित बस रतिभानपुर के पास आगे चल रही कार से छू गई। इसके बाद कार सवार बस का पीछा करते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए। यहां उन्होंने चालक जयराम निवासी घंघुरिया थाना रिजोर को पकड़ लिया।
चालक का आरोप है कि कार सवार चार लोगों ने उसके साथ लाठी-डंडों से पिटाई की। हंगामा बढ़ने पर पुलिसकर्मी चालक को बस स्टैंड चौकी ले गए। इसके बाद कार सवारों ने वहां भी हंगामा किया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली नगर ले गई। कार सवार सर्वेश कुमार ने आरोप लगाया कि बस चालक ने उसके भाई की कार में टक्कर मारी थी। फोन पर जानकारी मिलने के बाद उसने पिलुआ के पास बस रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने उसकी गाड़ी में भी टक्कर मार दी।
वहीं चालक जयराम ने चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौकी प्रभारी गगनदीप ने बताया कि मंगलवार सुबह शांतिभंग के आरोप में उमेश यादव, गोपी, निखिल और सर्वेश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चारों को पाबंद किया गया है। संवाद