एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र स्थित गांव पौंडरी के पास रविवार को बाइक सवार युवक को किसी भारी वाहन ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह रक्षाबंधन पर अपनी बुआ को बुलाने के लिए उसके घर जा रहा था। उधर, जीटी रोड स्थित गांव नगरिया मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
गांव आनंदपुर थाना अवागढ़ निवासी मृतक रवी कुमार (25) के परिजनों ने बताया कि वह घर से करीब दो बजे अपनी बुआ को बुलाने के लिए बाइक से जलेसर क्षेत्र स्थित गांव गुढ़ा के लिए निकला था। रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं थाना पिलुआ जीटी रोड स्थित गांव नगरिया मोड़ के पास रविवार की शाम करीब छह बजे बाइकों की भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में जान मोहम्मद पुत्र जफर अली, इसकी ताई रहीसा, ताऊ नसरुद्दीन निवासीनगला कांच इनायतपुर थाना व जिला हाथरस और दूसरे बाइक सवार गंगा सिंह पुत्र करन पाल निवासी थाना व कस्बा सिकंद्राराऊ जिला हाथरस घायल हुए हैं। इनमें गंगा सिंह और नसरूद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है। इनको आगरा रेफर कर दिया गया है।