एटा। रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवारों को सोमवार की देरशाम एक चार पहिया वाहन ने रौंद दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में फिरोजाबाद निवासी युवक को गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
थाना कोतवाली देहात के गांव जिरसिमी के पास चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार रूमाली (32) पुत्र चरन सिंह निवासी खेड़ा थाना कोतवाली नगर, फिरोजाबाद और होडल सिंह पुत्र जय सिंह निवासी बिजौरी थाना कोतवाली देहात, एटा को सोमवार की रात नौ बजे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां रूमाली को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर परिजनों को मिली तो वह भी आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। यहां पर डॉक्टरों ने उपचार शुरू कर दिया लेकिन कुछ समय बाद ही रूमाली की मौत हो गई। बताया गया है कि रूमाली अपने रिश्तेदार होडल सिंह के साथ गांव नगला मोती जिरसिमी में गमी में आया था, यहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
हादसों में सिपाही सहित चार लहूलुहान
एटा। मंगलवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में सिपाही सहित चार लोग घायल हुए हैं। थाना कोतवाली नगर में तैनात सिपाही हरीशचंद्र बाइक फिसलने से घायल हो गया। वहीं, सनी निवासी बाबूगंज थाना कोतवाली नगर जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हुआ है। दो बाइकों की भिड़ंत पंचमपुर कोतवाली देहात के पास हो गई, इस हादसे में गांव वाहनपुर निवासी प्रवीन (19) पुत्र सौदान सिंह घायल हो गया। कासगंज रोड स्थित पीएसी के पास महीपाल पुत्र महेंद्र सिंह निवासी नगला बेल थाना पिलुआ वाहन की चपेट में आने से घायल हुआ है। घायलों में प्रवीन और सनी को आगरा रेफर किया गया है।