विकास की सुविधा देने के साथ बसाई गई आवास विकास कालोनी में अभी भी विकास कोसों दूर है। कालोनी में गंदे पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम तक नहीं है, जिससे काफी दिक्कतें रहती हैं। बच्चों के खेलने तक के इंतजाम नहीं हैं।
कालोनी को बसे हुए तीन दशक से अधिक का समय हो चुका है। इतना समय बीत जाने के बाद भी कॉलोनी का पर्याप्त विकास नहीं हो सका है। जगह जगह झाड़ियां देखी जा सकती हैं। कालोनी के कई सेक्टर अभी भी ऐसे हैं जिनमें पानी के निकासी के लिए नालियां तक नहीं बनी हैं। जिससे गंदा पानी सड़कों व गलियों में एकत्रित हो जाता है। सफाई कर्मी भी कालोनी में नहीं आता जिससे सफाई तक नहीं हो पाती। कालोनी में वैसे तो कई पार्क बने हुए हैं, लेकिन ये पार्क पूरी तरह से विकसित नहीं किए गए हैं। पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। ब्लॉक 4 ए में दो माह से बिजली का पोल टूटा हुआ है, लेकिन इस पोल को विभाग ने अभी तक नहीं बदलवाया है। पोल के टूटे होने से कभी भी कोई हादसा हो सकता है। विभाग को इस बात की कोई चिंता नहीं हैं। कालोनी की कई गलियां ऐसी हैं जिनका निर्माण तक नहीं हो सका है।