क्षेत्र बजाजा कमेटी आगरा के तत्वाधान में रविवार को 1411 अज्ञात व असहाय लोगों के अस्थि कलश लेकर रथ यात्रा कासगंज से होती हुई तीर्थनगरी पहुंची। नगर में लोगों ने अस्थ्यिों पर श्रद्धासुमन चढ़ाए।
रविवार की सुबह अस्थि कलश यात्रा कासगंज पहुंची। जहां रानी कम्युनिटी हॉल में बजाजा कपड़ा कमेटी ने अस्थि कलशों पर पुष्पांजलि देकर श्रद्धांजलि व्यक्त की। कारोबारी दिलीप अग्रवाल ने बजाजा कमेटी के इस कार्य की सराहना की। इसके बाद यात्रा तीर्थनगरी को रवाना हो गई।
तीर्थनगरी में अस्थि कलश यात्रा भ्रमण करती हुई हरि की पैड़ी पहुंची। क्षेत्र बजाजा कमेटी आगरा व श्री कपड़ा कमेटी कासगंज के पदाधिकारी गले में पीत वस्त्र धारण कर हरि नाम का संकीर्तन करते चल रहे थे। हरि की पैड़ी के शंकरजी सेतु पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर कलश हाथों में लेकर अस्थियां हरि की पैड़ी में प्रवाहित कर दीं। बजाजा कमेटी आगरा के अध्यक्ष सुनील विकल ने बताया कि आज तीर्थनगरी षष्ठम अस्थि विसर्जन यात्रा पहुंची है। इस दौरान विपिन गुप्ता, नरेश चंद्र मित्तल, चंद्रशेखर अग्रवाल, रामकुमार जैन, कुसुमलता गोयल, सुधा गोयल, नीलम, हेमंत भोजवानी, दीपक खरे, बल्ले भाई, नरेश लखानी आदि बडी संख्या में आगरा के क्षेत्र बजाजा कमेटी के लोग उपस्थित रहे।