एटा। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रहने वाली एक युवती ने चार लोगों के खिलाफ घर में घुसकर पीटने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि जब उसने आरोपी आरक्षी पुष्पेंद्र के घर पर जाकर बच्चों को पढ़ाने से मना कर दिया तो आरक्षी की पत्नी व अन्य लोगों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रहने वाली युवती ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा है कि 3 अगस्त को वह घर पर थी। उसी समय दूसरे क्वार्टर में रहने वाले आरक्षी पुष्पेंद्र, उनकी पत्नी सृष्टि, प्रबल कुमार और उसकी पत्नी संध्या घर में आकर गाली-गलौज करने लगे। कहा कि अगर यहां रहना है तो हमारे बच्चों को घर पर आकर ट्यूशन पढ़ाना होगा अन्यथा यहां से अपने पिता के पास थाना गंजडुंडवारा में चली जाओ। उसने बताया कि पिता कासगंज के गंजडुंडवारा थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
विरोध करने पर 20 अगस्त को इन लोगों ने सुबह के समय कोचिंग के लिए जाते वक्त घर के बाहर घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। बचने के लिए घर के अंदर भागकर पहुंची तो वहां आकर बाल पकड़कर जमीन पर गिराया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मां मीरा देवी, बहन निशा, सुमन और मामा सुरेंद्र पाल बचाने आए। आरोपियों ने उनके ऊपर भी जानलेवा हमला कर दिया।
मोहल्ले के अन्य लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है जो भी तथ्य निकाल कर आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।