टप्पेबाजी का शिकार हुआ पीड़ित राजेश। संवाद
जलेसर। गुजरात से मजदूरी कर घर लौट युवक से टप्पेबाजों ने बीस हजार रुपये और मोबाइल फोन पार कर दिया। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस टप्पेबाजों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गांव लोहचा नाहरपुर निवासी राजेश गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी करता है। राजेश मंगलवार को गुजरात से आया था, तहसील के पास बाइक सवार तीन युवक ने आकर उसे रोका और अपनी परेशानी बताते हुए सोने जैसे दिख रहे कुंडल दिखाते हुए उनको मजबूरीवश बेचने को कहा। शातिर टप्पेबाजों की बातों में उलझने पर वह राजेश को पास के निर्जन स्थान पर ले गए। यहां पर टप्पेबाजों ने उसे पीतल के कुंडल थमाते हुए बीस हजार रुपये ले लिए। वह किसी से शिकायत न कर सके या फोटो न ले सके इसके लिए उसका मोबाइल फोन साथ ले गए। टप्पेबाजों के जाने के बाद राजेश को ठगी का शिकार होने का पता चला। कोतवाली पहुंचकर राजेश ने ठगी किए जाने की घटना पुलिस कोे बताई। पुलिस टप्पेबाजों की तलाश में तहसील के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। थाना प्रभारी संजय राघव ने कहा तीनों टप्पेबाज कितने भी शातिर हों, लेकिन पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकेंगे।