एटा। पैसे के लेनदेन से परेशान युवक ने सोमवार शाम को हजारा नहर में छलांग लगा दी। इससे पहले उसने मोबाइल में अपना एक वीडियो भी बनाया। घर वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है।
शहर के मालगोदाम रोड निवासी साहिल कश्यप (24) सोमवार शाम घर वालों को आत्महत्या करने की धमकी देते हुए घर से निकल गया। अनहोनी के डर से घर वालों ने उसका पीछा किया। शाम करीब 4:30 बजे युवक हजारा नहर के पास पहुंचा। पीछा कर रहे परिजन ने साहिल को आवाज देकर पुकारा लेकिन तब तक उसने नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी लेकिन रात तक उसका पता नहीं चल सका।
घर पर साहिल के मोबाइल से मिले वीडियो में वह एक युवक का नाम लेकर कह रहा है कि 15 से 20 लाख रुपये देने की स्थिति में नहीं है और न घर वालों को देने देगा। परिजन रुपये के लेनदेन में आत्महत्या की बात कर रहे हैं। थानाध्यक्ष पिलुआ प्रेमपाल सिंह ने बताया कि युवक की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है। किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद