एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड पर बुधवार को हजारा नहर में कूदकर महिला ने जान दे दी। शहर के कमला नगर निवासी महिला घर से टहलने की बात कहकर निकली थी।
कोतवाली नगर के मोहल्ला कमला नगर निवासी मिथलेश गुप्ता (70) घर से टहलने की कहकर निकली थीं। परिजन ने बताया कि काफी देर तक जब मिथलेश नहीं लौटी तो चिंता हुई। तभी सूचना मिली कि आगरा रोड पर हजारा नहर में एक महिला कूद गई है। जानकारी मिलते ही परिजन जावड़ा चौकी के पास स्थित हजारा नहर पर पहुंचे।
वहां स्थानीय गोताखोर जुगेंद्र सिंह ने नहर में कूदते हुए महिला को देखा तो छलांग लगा दी। किसी तरह से महिला को निकालकर किनारे पर लाए। इसके बाद परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मिथिलेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद