मिरहची बिजली घर के गेट पर बुधवार की रात हंगाला करती महिलाएं। संवाद
मिरहची। बीते 15 दिन से अघोषित बिजली कटौती और उमस से बेहाल कस्बे की महिलाओं का सब्र बुधवार देर रात जवाब दे गया। हाथों में लाठी-डंडे लेकर रात 12 बजे कासगंज रोड स्थित 132 केवीए बिजलीघर पहुंचीं महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। तैनात गार्ड को खदेड़ दिया और मुख्य द्वार पर ताला जड़कर कामकाज ठप कर दिया।
आक्रोशित महिलाओं ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी भी की। कहा कि बिजली कटौती से गर्मी के साथ पानी की परेशानी खड़ी हो गई है। जहरीले कीड़े-मकौड़ों का भी खौफ है लेकिन विभाग उनकी समस्या नहीं समझ रहा।
बुधवार आधी रात पूरा कस्बा अंधेरे में डूबा था। बच्चे गर्मी से परेशान थे। इस पर महिलाओं में गुस्से का करंट दौड़ गया। मोहल्ला गड्ढा, तकिया, एटा रोड और यादव नगर से बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर बिजलीघर पर पहुंच गईं। आरोप लगाया कि दिन में तो बिजली आती ही नहीं, रात में भी रोस्टिंग के नाम पर दो-दो घंटे की कटौती की जा रही है।
उनके घरों में इन्वर्टर जवाब दे गए हैं। पानी की मोटर नहीं चल रही और छोटे-छोटे बच्चे पूरी रात रोते रहते हैं। गुस्साई महिलाओं ने बिजलीघर के गेट पर ताला लगा दिया और गार्ड को खदेड़ दिया। बिजलीकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी।
महिलाओं ने कहा कि उनके पति दिनभर मजदूरी कर घर आते हैं लेकिन बिजली न होने से रात में सो नहीं पाते। रसोई में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। हमने कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई इसलिए मजबूरन आधी रात को सड़क पर उतरना पड़ा।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने महिलाओं को समझाया और आश्वासन दिया कि फॉल्ट के कारण कटौती हो रही है जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह लाइन चालू की, तब जाकर महिलाएं शांत हुईं और घरों को लौटीं।