एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बुधवार सुबह उपचार के दौरान करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। पहचान न हो पाने पर पुलिस को सूचना देकर मोर्चरी में रखवा दिया गया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मंगलवार रात लगभग 11 बजे व्यक्ति परेशान अवस्था में पहुंचा। यहां स्वास्थ्यकर्मियों ने उसको भर्ती कर लिया, मगर स्वास्थ्य अधिक खराब होने से वह अपना नाम पता भी नहीं बता पाया। इसके बाद उसका उपचार शुरू किया गया। बुधवार तड़के लगभग 3 बजे मरीज की मौत हो गई। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया। शिनाख्त नहीं हो पाने पर पुलिस को सूचना देते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया। सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि कोई परिजन मरीज के साथ नहीं था, यही वजह है कि शिनाख्त नहीं हो पा रही है। कोतवाली नगर प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान नहीं हो पाती है तो 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।