सकीट। थाना क्षेत्र के गांव नगला गुलरिया में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने कीटनाशक दवा पीकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव नगला गुलरिया के 50 वर्षीय कश्मीर सिंह ने बृहस्पतिवार काे पास के गांव जहांगीराबाद के खेतों में शव मिला है। शव के पास दो डिस्पोजल गिलास, एक कीटनाशक दवा की शीशी, एक कोल्डड्रिंक की बोतल मिली है। कश्मीर सिंह की शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई राजेश के साथ रहता था। चर्चा रही कुछ माह पहले राजेश ने पड़ोस के गांव नाजिरपुर निवासी एक व्यक्ति से 16 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये देने के बदले में उस व्यक्ति ने धोखे से एक बीघा जमीन अपने नाम करा ली।
जानकारी पर कश्मीर ने पड़ोस के गांव निवासी युवक से संपर्क कर जमीन वापस करने की मांग की। इस पर उसने पचास हजार रुपये में जमीन वापस करने की शर्त रखी। बताया गया मामले को लेकर पंचायत हुई। जिसमें जमीन वापस करने को लेकर मना कर दिया। इस पर कश्मीर काफी तनाव में था। शव मिलने की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी चमन गोस्वामी ने कहा कश्मीर सिंह ने कीटनाशक दवा पीकर खुदकशी की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।