एटा। साथियों संग कांवड़ में गंगाजल लेने जा रहा मैनपुरी का कांवड़िया रविवार शाम बाइक से गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। एक अन्य हादसे में तीन कांवड़िये घायल हुए हैं।
मैनपुरी के कुछ युवक रविवार शाम के समय कांवड़ लेकर बाइकों से जा रहे थे। एक बाइक पर बृजेश (30) निवासी गांव औरंगाबाद थाना बरनाहाल जनपद मैनपुरी भी बैठे थे। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अल्लेहपुर के पास अचानक वह गश खाकर बाइक से नीचे सड़क पर गिर गया। पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कांवड़िये की मौत की सूचना पर मेडिकल कॉलेज में कई अधिकारी भी पहुंच गए।
दूसरी घटना में शिवकुमार अपनी पत्नी लक्ष्मी व भाभी कल्पना निवासी शिकोहाबाद के साथ बाइक पर सवार होकर कांवड़ भरने जा रहे थे। कासगंज रोड स्थित मिरहची थाने के पास शनिवार रात एक लोडर वाहन की चपेट में आ गए। बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। इनको एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने शिवकुमार व उसकी पत्नी लक्ष्मी की हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।