थाना बागवाला के गांव मानिकपुर में आग लगने से जली झोपड़ी। स्रोत अग्निशमन विभाग
एटा। गांव मानिकपुर में खाना बनाते समय अचानक झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास बने घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसकी वजह से घर में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरातफरी मच गई।
थाना बागवाला थाना क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी चरन सिंह बघेल ने बताया कि घर के बाहर बनी झोपड़ी में हुई। यहां प्रतिदिन की तरह खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान चूल्हे से उठी चिंगारी ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के घर तक पहुंच गई।
धुएं का गुबार उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड को सूचना देते हुए ग्रामीणों ने सबसे पहले मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उसके बाद कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग की चपेट में आने से घर में रखे बर्तन, कुर्सी, मेज, अलमारी, कपड़े, रजाई और गद्दे समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित चरन सिंह बघेल ने बताया कि इस घटना में काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। उपजिलाधिकारी विपिन कुमार मोरल ने बताया कि आग से हुए नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा जाएगा। जांच के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।