एटा। तूफानी पंखा लगाकर सोमवार को दोपहर के समय सो रहे मजदूर के ऊपर पंखा गिर गया। जब तक वह कुछ समझ पाता करंट लगने से बेहोश हो गया। परिजन मजदूर को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव जौहरपुर थाना निधौली कलां निवासी ग्राम प्रधान छत्रपाल ने बताया कि सोमवार को दोपहर के समय अजब सिंह उर्फ धन्ना (33) घर पर कमरे में तूफानी पंखा लगाकर सो रहा था। घर के अन्य लोग काम में व्यस्त थे। बेटी कमरे में पहुंची तो देखा पिता के ऊपर तूफानी पंखा गिरा पड़ा है और वह कुछ बोल नहीं रहे हैं। यह देखकर बेटी की चीख निकल गई। आवाज सुनकर अन्य लोग कमरे में पहुंचे और पंखा बंद करने के बाद अजब सिंह को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निधौली कलां लाए।
यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजन मेडिकल कॉलेज लाए तो यहां चिकित्सक ने अजब सिंह को मृत घोषित कर दिया। छत्रपाल ने बताया कि अजब सिंह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। पत्नी व बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।