एटा। कोतवाली नगर के भगीपुर गांव में एक युवक ने कर्ज से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन ने बताया कि पहले वह काम पर जा रहा था। पत्नी के रोकने पर आराम करने की बात कहकर कमरे के अंदर चला गया। इसके बाद दरवाजा बंद कर फंदा लगाकर जान दे दी।
भगीपुर निवासी शिवानी ने बताया कि पति रामू (30) के साथ यहां किराए के मकान में रहती है। पति बस स्टैंड और बसों के अंदर जाकर टॉफी, हींग व अन्य सामान बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी घर से काम पर जाने के लिए निकल रहे थे। शिवानी ने बताया कि उसने कहा कि आज शाम को चले जाना, तो वह बैग रखकर कमरे के अंदर आराम करने की बात कहकर चला गए। थोड़ी देर बाद जब कमरे के अंदर से कुछ गिरने की आवाज आई तो उसने खिड़की से झांक कर देखा। अंदर का नजारा देखकर घबरा गई और पड़ोसियों को चीखते-चिल्लाते हुए आवाज लगाई।
जब पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा तो रामू छत के कुंदे में अंगोछे का फंदा लगाकर लटक रहा था। सब लोगों ने फंदा काटकर नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता लग सकेगा।
शिवानी ने बताया कि पति रामू के ऊपर कुछ कर्ज भी हो गया था जिसके चलते वह परेशान रहते थे। कई बार हमने कहा कि दोनों लोग मिलकर कर्ज निपटा देंगे परेशान मत हुआ करो, लेकिन, वह फिर भी तनाव में रहते थे। बुधवार की सुबह ही 300 रुपये मकान मालिक को दिए थे और उसके बाद काम पर जा रहे थे।