एटा। बाइक पर सवार होकर शनिवार को तेरहवीं में जा रहे दंपती कार की चपेट में आने से घायल हो गए। अन्य सड़क हादसों में 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2 की हालत क गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
थाना अवागढ़ के गांव नगला गलुआ निवासी सुनील कुमार ने बताया कि पत्नी सुनीता देवी के साथ निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव रामनगर जिटौली जा रहे थे। वहां रिश्तेदारी में तेरहवीं की दावत थी। बाइक जैसे ही कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड पर गांव अमरगोजिया के पास पहुंची, पीछे से आ रही कार की चपेट में आ गए। हम दोनों लोग बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां उपचार चल रहा है।
थाना रिजोर के गांव डांडा निवासी लोकेंद्र ने बताया कि शनिवार को शिकोहाबाद मार्ग पर किसी काम से जा रहा था। गांव से बाहर सड़क पर पहुंचते ही नीलगाय बाइक के सामने आ गया। इसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई और घायल हो गया। इसी थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी हर्ष भी घायल हुआ है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में निशा निवासी सेंथरी और सत्यवती निवासी पुरा थाना मलावन, रोनिस निवासी काशीराम कॉलोनी मानपुर कोतवाली देहात, जोधसिंह निवासी चपरई थाना सकीट, रामअवतार, हरिमोहन और गोविंद निवासी कुशलपुर और गांव बीगौर निवासी रामकिशोर व प्रेमपाल घायल हुए हैं। इनमें से हरिमोहन और गोविंद की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है। शेष का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
दो बाइकों की टक्कर में मुख्य आरक्षी घायल, रेफर
जलेसर। क्षेत्र के गांव महानमई के पास दो बाइकों की टक्कर में एक मुख्य आरक्षी घायल हुआ है। इसको गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है।
हादसे में घायल मुख्य आरक्षी इमेश कुमार जलेसर कोतवाली की बेरनी पुलिस चौकी पर तैनात है। शनिवार सुबह क्षेत्र में समन तामील कराने के लिए वह बाइक से निकला था। महानमई गांव पर सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। आमने-सामने की टक्कर में आरक्षी का एक पैर बाइक में फंसने से बुरी तरह कट गया। दूसरी बाइक पर सवार इमामुद्दीन निवासी चमनपुरा, हाथरस मामूली चुटैल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस इमेश को लेकर सीएचसी पहुंची। यहां से इमेश को गंभीर हालत देखते हुए आगरा भेज दिया गया।