एटा। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगला जसराम गांव के पास एक तेज रफ्तार विधायक का पास लगी हुई कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे एक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे गदनपुर निवासी आशीष पुत्र विनोद (24) और रामू पुत्र किशनलाल (25) अपने गांव से शहर की ओर बाइक से जा रहे थे। दोनों लोग नगला जसराम गांव के पास ही पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे आशीष की मौके पर ही मौत होगई। वहीं रामू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रामू को इमरजेंसी भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया। आगरा में बृहस्पतिवार की देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
ताऊ की बेटी की लगुन चढ़ाने गए थे लोगः
परिजन ने बताया कि बृहस्पतिवार को ताऊ की लड़की कविता की लगुन चढ़ाने के लिए सभी लोग अलीगढ़ गए थे। घर पर आशीष और उसकी भाभी मौजूद थी। इसी दौरान वह रामू को लेकर बाइक से शहर किसी काम से चला गया। इस दौरान हादसा हो गया।
टोल बचाने के लिए लगा लिया था वाहन पास
कार स्वामी जुगेंद्र सिंह ने बताया कि यह उसने यह कार मैनपुरी से खरीदी थी। वहीं उसके एक दोस्त के मिलने वाले एवरन सिंह लखनऊ सचिवालय में काम करते हैं। उनके द्वारा ही गाड़ी पर विधायक का वाहन पास लगाने के लिए मिला था। टोल बचाने के लिए गाड़ी पर विधायक का पास लगा लिया था। जबकि देहात कोतवाली पुलिस इस बात को छिपाती नजर आई। वहीं बताया कि यह गाड़ी ज्यादातर जसराना के विधायक के काफिले में चलती है। वहीं जब्त की गई फॉर्च्यूनर कार का इंश्योरेंस भी एक्सपायर हो चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की मौके पर और दूसरे की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। - धर्मेंद्र पवार, प्रभारी, देहात कोतवाली
आशीष फाइल फोटो