अवागढ़। सराफा व्यवसायी गणेश अग्रवाल से हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस अभी किसी को पकड़ नहीं पाई है। अलबत्ता घटना के बाद हंगामा काटने वाले लोगों के विरुद्ध मुकदमा जरूर दर्ज करा दिया है। इससे व्यापारियों में आक्रोश है।
गुरुवार की शाम सराफा व्यवसायी गणेश अग्रवाल अपने नौकर के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने तमंचे के बल पर लाखों के जेवरात, नकदी लूट ली और भाग निकले। सूचना के बाद देरी से पहुंची पुलिस के साथ लोगों ने हाथापाई कर आक्रोश जताया था। इसी मामले में अवागढ़ थाने में मोनू झा निवासी मोहल्ला अखाड़ा सहित 16 नामजद तथा 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हंगामा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना का खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेेंद्र पाल सिंह राजू, देवेंद्र गुप्ता, संजीव वार्ष्णेय, उमेश वर्मा, विनीत गुप्ता ने खुलासे की मांग की है।