जलेसर। दिवाली का उपहार न देने पर बुधवार को एक सफाई कर्मी ने सब्जी सड़क पर फेंक दी। कर्मचारी की इस करतूत पर दुकानदार भड़क गए। उन्होंने निधौली चौराहे पर जाम लगा दिया। तीन घंटे बाद मिले एसडीएम के आश्वासन पर जाम खोला गया।
दिवाली पर सफाई कर्मियों द्वारा त्योहारी के रूप में प्रत्येक दुकान से मिठाई व उपहार लिया जाता है। बुधवार की सुबह नौ बजे निधौली चौराहा पर सफाई कर्मियों द्वारा दुकानों से उपहार लिया जा रहा था। तभी सब्जी विक्रेता विकलांग शेर सिंह उर्फ टिल्लू और सफाई कर्मी के बीच उपहार को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप हैै कि सफाई कर्मी ने सब्जी सड़क पर फेंक दी और धमकी देने लगा। इससे दुकानदारों में रोष फैल गया। उन्होंने चौराहे पर लगी दुकानों को बंद कर निधौली चौराहे पर जाम लगा दिया। वहीं कुछ व्यापारी तहसील दिवस में पहुंचे और उप जिलाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता को मामले की जानकारी दी। उन्हाेंने कोतवाली प्रभारी एवं सफाई निरीक्षक को मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इधर, जामस्थल पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर तीन घंटे बाद जाम खुलवा दिया। इससे लोगाें को खासी परेशानी हुई। इस मौके पर विष्णु गोपाल, कुवेर सिंह, टोनी पाठक, देवेंद्र वार्ष्णेय, वीरेश गुप्ता, कृष्ण गोपाल, ऋषि शर्मा, दिनेश चंद्र, हरप्रसाद, अनिल कुमार, शीतश कुमार आदि लोग मौजूद थे।