एटा। राजा भैया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों राजा भैया का पुतला फूंककर इनकी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रतापगढ़ की घटना का असर जनपद में भी दिख रहा है। सीओ कुंडा, ग्राम प्रधान नन्ने यादव और उसके भाई की हत्या में नामजद पूर्व मंत्री राजा भैया की गिरफ्तारी की मांग जनपदीय मुस्लिमों ने की है। शुक्रवार को सड़कों पर उतरे समाज ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला अस्पताल के सामने राजा भैया का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। साथ ही उनकी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। वक्ताओं ने तिहरे हत्याकांड के आरोपी और नामजद पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी न होने पर रोष जताते हुए कहा कि सरकार उन्हें गिरफ्तार न करके आरोपी का समर्थन कर रही है। मुख्यमंत्री तो दूर सपा प्रमुख भी मामले पर चुप्पी साधे हैं। मुस्लिम समाज इसका जवाब आगामी लोकसभा चुनावों में देगा। साथ कहा कि शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर मुस्लिम समाज सड़कों पर उतरने को बाध्य होगा। पुतला फूंकने वालों में जहीर अहमद, फहीम, गट्टू, कलीम, इंतजार, रफीक, अनस, फैसल, पप्पू, ताज मुहम्मद, नन्ने मियां आदि थे।