एटा। मांगों को लेकर बैंक, एलआईसी, बिजली व रोडवेज कर्मी गुरुवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते आम लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं बस स्टैंड के बाहर हड़ताली रोडवेज कर्मियों ने प्राइवेट वाहनों को खदेड़ दिया तथा सवारियां नहीं भरने दीं। वहीं कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। दो दिन की हड़ताल से जनपद में करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं, गांधी मार्केट, लालपुर, संजयनगर, पुलिस लाइन आदि मोहल्लों में तार टूट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। कार्यालय पर फोन घुमाने पर पहले तो रिसीवर उठा नहीं बाद में उठा तो कोई जवाब नहीं मिला।
स्थान : बस स्टैंड
समय: दोपहर 12 बजे
हड़ताल को सफल बनाने के लिए गुरुवार की सुबह रोडवेज कर्मचारी हाथों में डंडा लेकर परिसर के बाहर खड़े रहे तथा वहां खड़े प्राइवेट वाहनों को खदेड़ दिया। कर्मचारियों का कहना था कि यदि जल्द ही मांगें पूरी न हुई तो आंदोलन बढ़ सकता है। इस दौरान नरसिंह यादव, रामवीर सिंह तोमर, योगेन्द्र पाल सिंह, रामदेव शर्मा, सुरेश चन्द्र शर्मा, मुन्नालाल चौधरी, दरवारी लाल यादव आदि थे।
स्थान: बिजली दफ्तर
समय: एक बजे
बिजली कर्मचारियों ने कार्यालय पर तालाबंदी की। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर सरकार गौर नहीं करती है तो वह आंदोलन और तेज करेंगे। इस मौके पर जंट सिंह यादव, रामस्वरूप राजपूत, प्रेमपाल सिंह यादव, महेश कुशवाह, शिवकुमार यादव, मानेंद्र पाल, प्रवीन मथुरिया आदि थे।
स्थान: स्टेट बैंक कचहरी रोड
समय: दोपहर एक बजकर 30 मिनट
बैंक में तालाबंदी के चलते ग्राहक भी केंद्र सरकार को कोसते नजर आए। इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। बैंक कर्मचारियों का कहना था कि केंद्र सरकार अगर झुकती नहीं है, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर कमलेश कुमार जैन, रामकुमार गुप्ता, रमेश, सुनील उपाध्याय, धर्मेंद्र कुमार चंदवरिया, जीके लड्डा, कुंवर सेन, रत्नेश रतन, संदीप राव, प्रमोद पचौरी, रामप्रकाश शर्मा, रमेश कुमार, कालीचरन आदि थे।
स्थान: एलआईसी कार्यालय
समय: दोपहर दो बजे
एलआईसी कार्यालय पर हड़ताल के चलते कर्मचारियों के तीखे तेवर देखने को मिले। इस दौरान केंद्र सरकार के प्रति कर्मचारी नारेबाजी कर रहे थे। अलीगढ़ डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के भी सभी कर्मचारी काउंटर बंद कर हड़ताल पर चले गए। हड़ताल पर मनीत वार्ष्णेय, ब्रजेश कुमार, हरवीर शर्मा, अरूण भटेले, आशीष शर्मा, राजपाल, मनवीर सिंह, जेपी सिंह आदि थे।
समर्थन में माकपा का धरना
11 ट्रेड यूनियनों के समर्थन में माकपा ने कलक्ट्रेट पर धरना दिया। बाद में दस सूत्रीय मांगों को लेकर फैक्स राष्ट्रपति को भेजा। इस मौके पर राजवीर सिंह, रामौतार यादव, राजकिशोर, सुरेंद्र यादव, अनिल कुमार आदि उपस्थित थे।
दवा प्रतिनिधि भी हुए शामिल
एटा। जनपद के सभी दवा प्रतिनिधि भी गुरुवार को हड़ताल में शामिल हो गए और केंद्र की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान अजय यादव, ललित सिंह, शैलेंद्र सोलंकी, धीरेंद्र चौहान, शैलेंद्र गौड़, प्रवेंद्र, पुष्पेंद्र, नीतेश सविता आदि थे।
क्या बोले यात्री
हरियाणा जाने के लिए खड़े यात्री रामखिलाड़ी यादव निवासी रामनगर का कहना था कि अगर हड़ताल की जानकारी होती तो वह अपने गांव रामनगर से बस स्टैंड नहीं आता। बस न मिलने से काफी दिक्कत हुई।
जैथरा निवासी सुनील कुमार का कहना था कि दवाई लाने के लिए अलीगढ़ जा रहा था, लेकिन बस नहीं मिली। जबकि प्राइवेट वाहन अलीगढ़ का दोगुना किराया वसूल रहे हैं।